बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पीएम का पहला रोड शो, संगठन को ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की तैयारी
पटना:
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी अब अपने चरम पर है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 29 मई का बिहार दौरा सियासी हलचल के केंद्र में आ गया है। इस चुनावी वर्ष में प्रधानमंत्री का यह पहला रोड शो होगा, जो न केवल पार्टी की ताकत का प्रदर्शन करेगा बल्कि कार्यकर्ताओं को भी नया उत्साह देगा।
PM मोदी का रोड शो: तय हुआ रूट चार्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुरू होगा और वहां से वे कई प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए BJP प्रदेश कार्यालय तक पहुंचेंगे। तय रूट इस प्रकार है:
- जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट
- शेखपुरा मोड़
- बेली रोड
- जेडी विमेंस कॉलेज
- राजवंशी नगर हनुमान मंदिर
- विश्वेशरैया भवन
- पटना हाईकोर्ट
- इनकम टैक्स गोलंबर
- भाजपा प्रदेश कार्यालय (पटना)
इस दौरान रास्ते में कुल 32 स्थानों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा स्वागत की भव्य तैयारी की गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रोड शो जनता और कार्यकर्ताओं के बीच एक सशक्त संदेश देगा।
BJP कार्यालय की सुरक्षा कड़ी
प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर है। पटना के डीएम और एसपी ने सुरक्षा को लेकर पूरे इलाके का जायजा लिया है। BJP कार्यालय को पूरी तरह सील कर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। विशेष कमांडो, बम स्क्वॉड, और निगरानी ड्रोन की तैनाती की जा रही है।
राजनीतिक नजरिए से अहम दौरा
विशेषज्ञों का मानना है कि यह रोड शो पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने, कार्यकर्ताओं में जोश भरने, और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जनसंपर्क का प्रभावशाली माध्यम साबित होगा। इसके जरिए पीएम मोदी भाजपा की चुनावी मुहिम का शंखनाद करेंगे।


