NEET पेपर लीक पर पहली बार बोले पीएम मोदी: ‘दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, युवाओं के भविष्य से नहीं होगा खिलवाड़’

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया कि एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पेपर लीक राष्ट्रीय चिंता का विषय है और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

‘पेपर लीक राजनीति का नहीं, छात्रों के भविष्य का मुद्दा’

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में किरण रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को राजनीतिक रंग देने के बजाय छात्रों के भविष्य के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी।

राज्यों को भी दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

रिजिजू के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक की घटनाओं को रोकना केवल केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि राज्यों को भी अपने स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। जहां भी परीक्षा में अनियमितता या पेपर लीक के मामले सामने आएं, वहां दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

CJP आंदोलन के बीच आया सरकार का संदेश

प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय सामने आई है, जब NEET पेपर लीक को लेकर CJP का आंदोलन लगातार जारी है। हाल ही में संगठन ने ‘चलो संसद’ मार्च निकाला था और उसके प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा था। ऐसे में सरकार की ओर से आया यह बयान राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

‘मंगल मिलन’ बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा

किरण रिजिजू ने बताया कि एनडीए संसदीय दल की बैठक, जिसे ‘मंगल मिलन’ नाम दिया गया है, में प्रधानमंत्री ने सांसदों को कई राष्ट्रीय मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल में विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA), देश की उपलब्धियों और संसद के आगामी एजेंडे पर भी विस्तार से चर्चा की। बैठक में हाल ही में निर्वाचित राज्यसभा सांसदों का स्वागत भी किया गया।

  • ये भी पढ़े..

    कॉम्फेड ने 7 हजार जीविका दीदियों को दिया डेयरी और पशुपालन का प्रशिक्षण, गांव-गांव तक पहुंचेगा कौशल

    Share Add as a preferred…