श्रावणी मेला 2026 पर वीडियो बनाइए, जीतिए ₹3 लाख तक का पुरस्कार; पर्यटन विभाग ने शुरू की प्रतियोगिता

पटना, 21 जुलाई: बिहार पर्यटन विभाग ने ‘श्रावणी मेला 2026: इंफ्लुएंसर की नजर से’ वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य श्रावणी मेले की आस्था, संस्कृति और धार्मिक विरासत को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंचाना है। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को ₹25 हजार से लेकर ₹3 लाख तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

25 हजार फॉलोअर्स वाले कंटेंट क्रिएटर्स ले सकेंगे भाग

पर्यटन विभाग के अनुसार, प्रतियोगिता में फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुल मिलाकर कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स रखने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स भाग ले सकेंगे।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹3 लाख, द्वितीय स्थान पर ₹2 लाख और तृतीय स्थान पर ₹1 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दो प्रतिभागियों को ₹50-50 हजार का विशेष पुरस्कार तथा पांच प्रतिभागियों को ₹25-25 हजार के प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

कांवरिया पथ और धार्मिक स्थलों पर बनानी होगी वीडियो

प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को मुंगेर, भागलपुर और बांका के कांवरिया पथ तथा श्रावणी मेले से जुड़े धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों पर आधारित वीडियो या रील तैयार करनी होगी। तैयार वीडियो को पहले अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित करना होगा और बाद में विभागीय उपयोग के लिए भी उपलब्ध कराना होगा।

30 सेकेंड से 2 मिनट तक होगी वीडियो

पर्यटन विभाग ने वीडियो की अवधि 30 सेकेंड से 2 मिनट निर्धारित की है। प्राप्त वीडियो का मूल्यांकन निर्णायक मंडल करेगा। चयनित वीडियो विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किए जाएंगे। इसके बाद 45 दिनों तक वीडियो की रीच, लाइक्स और शेयर के आधार पर अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा। एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर रीट्वीट को शेयर की श्रेणी में माना जाएगा।

3 अगस्त के बाद करें पोस्ट, 13 अगस्त तक करें जमा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिभागी 3 अगस्त 2026 (प्रथम सोमवारी) के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रकाशित कर सकेंगे। वहीं 10 अगस्त (द्वितीय सोमवारी) के बाद 13 अगस्त तक वीडियो विभाग की वेबसाइट पर जमा कराना अनिवार्य होगा।

एआई से बने वीडियो स्वीकार नहीं होंगे

पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार वीडियो स्वीकार नहीं किए जाएंगे। वीडियो में किसी प्रकार का लोगो, वॉटरमार्क, पहचान चिह्न, आपत्तिजनक सामग्री या कॉपीराइट का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी पर्यटन विभाग की आधिकारिक ई-मेल [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।

नोट: यह समाचार बिहार पर्यटन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

  • ये भी पढ़े..

    CJP का सरकार को अल्टीमेटम: “मांगें पूरी होने तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा”

    Share Add as a preferred…

    AAP, RJD, SP और JMM सांसदों का अस्पताल गेट पर धरना; सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोका, जमकर हुआ विरोध

    Share Add as a preferred…