
पटना: राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सामयगढ़ थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सोमवार को थाना परिसर में की गई।
जेसीबी चलाने के एवज में रिश्वत मांगने की थी शिकायत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, शिकायत मिली थी कि क्षेत्र में जेसीबी मशीन चलाने के एवज में साप्ताहिक रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद विशेष टीम ने जाल बिछाकर थानाध्यक्ष को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
थाना परिसर से हुई गिरफ्तारी
विजिलेंस की टीम ने आरोपी अधिकारी को 20 जुलाई को थाना परिसर से ही 27 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस वर्ष की 79वीं ट्रैप कार्रवाई
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में यह भ्रष्टाचार का 85वां मामला और 79वीं ट्रैप कार्रवाई है। ब्यूरो ने बताया कि अब तक 79 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा कुल 29,14,800 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।


