पटना: जेल में बंद बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की तबीयत बिगड़ी, आईजीआईएमएस में भर्ती

पटना। राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जेल में बंद बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। मुन्ना शुक्ला फिलहाल बृज बिहारी प्रसाद हत्याकांड के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।

आईजीआईएमएस में चल रहा इलाज

जेल अधीक्षक के अनुसार, मुन्ना शुक्ला को आंख के रेटिना से संबंधित समस्या हुई थी। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें भागलपुर जेल से पहले बेऊर जेल शिफ्ट किया गया और बेहतर इलाज के लिए आईजीआईएमएस पटना लाया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाना है और इलाज जारी है।

15 दिन पहले हुई थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, लगभग 15 दिन पहले मुन्ना शुक्ला ने आंख में दर्द की शिकायत की थी। भागलपुर जेल में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए पटना भेजा।

किस मामले में हैं जेल में

मुन्ना शुक्ला पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद हत्याकांड में दोषी ठहराए गए थे। इस मामले में हाईकोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
मुन्ना शुक्ला ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने हाईकोर्ट का फैसला बरकरार रखा।
विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले उन्हें बेऊर जेल से भागलपुर जेल स्थानांतरित किया गया था। अब स्वास्थ्य कारणों से उन्हें पुनः पटना लाया गया

1998 के हत्याकांड से जुड़ा मामला

गौरतलब है कि वर्ष 1998 में तत्कालीन मंत्री और राजद नेता बृज बिहारी प्रसाद की हत्या हुई थी। यह हत्या आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान कर दी गई थी। इस चर्चित हत्याकांड में उत्तर प्रदेश के डॉन श्रीप्रकाश शुक्ला, मुन्ना शुक्ला, मंटू तिवारी, राजन तिवारी, सतीश पांडेय सहित कई अन्य का नाम सामने आया था।


 

  • Related Posts