पटना: सात निश्चय-3 का प्रचार प्रभावी ढंग से करे विभाग, अफवाहों पर तुरंत हो कार्रवाई — सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री विजय चौधरी

पटना, 23 दिसंबर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 की जानकारी हर घर तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) को और प्रभावी भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री ने मंगलवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा के दौरान स्पष्ट कहा कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए और गलत सूचनाओं व अफवाहों का त्वरित खंडन सुनिश्चित किया जाए।

सूचना भवन स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

विकसित बिहार के 15 प्रमुख थीम्स पर केंद्रित है प्रचार
मंत्री विजय चौधरी ने बताया कि आईपीआरडी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स—फेसबुक, यूट्यूब, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम—के साथ-साथ आउटडोर होर्डिंग्स, फ्लेक्स, चैटबॉट और इन्फ्लूएंसर्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विभाग विशेष रूप से विकसित बिहार के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 15 प्रमुख थीम्स पर काम कर रहा है। इनमें रोजगार सृजन, विधि-व्यवस्था, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, पुलिस आधुनिकीकरण, नगर विकास, औद्योगिक विकास, जलवायु परिवर्तन, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और खेल शामिल हैं।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभाग गलत सूचनाओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करता है। प्राकृतिक आपदा, शांति-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में भी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की अहम भूमिका रहती है। साथ ही जनता से मिलने वाले फीडबैक को विभिन्न माध्यमों से संकलित कर सरकार तक पहुंचाया जाता है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रमुख योजनाएं
बैठक में विभाग की मुख्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें क्षेत्रीय प्रचार योजना, विशेष अंगीभूत योजना, जनजातीय क्षेत्र उप योजना, बिहार राज्य पत्रकार सम्मान पेंशन योजना, बिहार राज्य पत्रकार बीमा योजना, बिहार डायरी-कैलेंडर का प्रकाशन, राज्य सूचना केंद्र का संचालन, आउटडोर पब्लिसिटी तथा पत्रकारों का प्रमाणीकरण और कल्याण प्रमुख हैं।

हर विभाग में जनसंपर्क पदाधिकारी, नियमित प्रेस ब्रीफिंग
समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि राज्य के सभी विभागों में जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से जनसंपर्क पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये पदाधिकारी योजनाओं की सही और तथ्यात्मक जानकारी सक्रिय रूप से जनता तक पहुंचा रहे हैं। नियमित प्रेस ब्रीफिंग के जरिए सरकारी सूचनाओं का प्रमाणिक प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है।

बैठक में विभाग के सचिव , निदेशक , अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, विधुभूषण चौधरी, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय और विशेष कार्य पदाधिकारी कुमारिल सत्यानंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री ने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी हर घर तक पहुंचे और बिहार का विकास जन-भागीदारी के साथ और तेज गति से आगे बढ़े।

  • Related Posts

    गया में दहशत: वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे साइट पर दिखा बाघ; वन विभाग की टीम कर रही गश्ती, ग्रामीणों को अलर्ट रहने का निर्देश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading