किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 शातिर गिरफ्तार, 4 चोरी की बाइक बरामद

किशनगंज। जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक किशनगंज के निर्देशन और नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चार चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पाठामारी थाना कांड संख्या 41/25, दिनांक 19.12.2025 (धारा 303(2) बीएनएस) के अनुसंधान के क्रम में की गई। 19 दिसंबर को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पोठिया थानाध्यक्ष के सहयोग से अभियुक्त जहीदुल रहमान उर्फ रहीम जमाल के आवास से चोरी गई मोटरसाइकिल (BR37AL4958) की बरामदगी की गई थी। हालांकि, गिरफ्तारी की आशंका से अभियुक्त फरार हो गया था।

विशेष टीम का गठन, दो आरोपी दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किशनगंज के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्तचर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नूरी चौक के पास से फरार अभियुक्त जहीदुल रहमान उर्फ रहीम जमाल और तबीरूद्दीन उर्फ तपीरूद्दीन (उम्र 37 वर्ष) को चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल (BR37K0126) के साथ गिरफ्तार कर लिया।

स्वीकारोक्ति के बाद दो और गिरफ्तारी
गिरफ्तार अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने भोगडाबर से अब्दुल साकिर को एक पल्सर मोटरसाइकिल (BR37AK8692) के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर माटीकुरा स्थित किराए के मकान से अब्दुल सतार (उम्र 28 वर्ष) को बिना नंबर प्लेट की अपाची मोटरसाइकिल (चेसिस व इंजन नंबर सहित) के साथ दबोच लिया गया।

इस तरह पुलिस ने कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

शातिर अपराधी, लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से जहीदुल रहमान उर्फ जाहीद उर्फ जमाल के खिलाफ किशनगंज, ठाकुरगंज, कुर्लीकोट और सीमावर्ती थानों में वाहन चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, अब्दुल साकिर और अब्दुल सतार के खिलाफ भी चोरी और गंभीर आपराधिक धाराओं में पूर्व से केस दर्ज हैं।

न्यायिक हिरासत, चार्जशीट की तैयारी
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। कांड में पर्याप्त साक्ष्य संकलित करते हुए शीघ्र आरोप पत्र समर्पित करने का निर्देश अनुसंधानकर्ता को दिया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में अनुसंधान लगातार जारी है।

छापेमारी में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अंचल ठाकुरगंज, पोठिया और पाठामारी थाना के पदाधिकारी, तकनीकी शाखा की टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसे अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में अपराध पर सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

  • Related Posts

    ​भागलपुर में मैट्रिक परीक्षा: जूता-मोजा पहनकर आने पर ‘नो एंट्री’; 17 फरवरी से 61 केंद्रों पर होगी परीक्षा, DM ने जारी की सख्त गाइडलाइन

    Share Add as a preferred…

    Continue reading