
पटना: राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां निगरानी विभाग (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौलाना मजहरुल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अधिकारी की पहचान सनुल्लाह खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक पुराने कॉलेज को फिर से मान्यता दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये की घूस ले रहा था। इसी दौरान विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरी योजना के तहत यह कार्रवाई की। जैसे ही लेन-देन हुआ, टीम ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल विजिलेंस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।


