
भागलपुर (नाथनगर), 24 जून 2025: जन वितरण प्रणाली (PDS) में अनियमितता का विरोध करना भतौरिया गांव निवासी अमर कुमार मंडल उर्फ उपेंद्र मंडल को महंगा पड़ गया। सोमवार सुबह स्थानीय PDS डीलर मित्तल मंडल ने उन पर चाकू और अस्तुरा से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उपेंद्र मंडल को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शिकायत के बाद रद्द हुआ था लाइसेंस, बढ़ी रंजिश
घायल उपेंद्र मंडल ने बताया कि उनकी पत्नी वार्ड सदस्य हैं और उन्होंने खुद PDS डीलर मित्तल मंडल की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। आरोप था कि मित्तल लाभुकों को निर्धारित मात्रा में अनाज नहीं दे रहा था। शिकायत के बाद प्रशासन ने मित्तल मंडल का लाइसेंस रद्द कर दिया था। इसी रंजिश में यह हमला हुआ।
टहलने के दौरान किया गया हमला
बताया गया कि उपेंद्र मंडल सोमवार सुबह टहलने निकले थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे मित्तल मंडल ने चाकू और अस्तुरा से हमला कर दिया। उपेंद्र मंडल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस कर रही छानबीन, आरोपी फरार
घटना के बाद से मित्तल मंडल फरार है। नाथनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने कहा कि ईमानदार शिकायतकर्ता के साथ इस तरह की वारदात से भ्रष्ट सिस्टम को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित को सुरक्षा देने की मांग की है।


