
मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की अहम बैठक संपन्न हो गई। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री सहित सभी विभागों के मंत्री मौजूद रहे। इस दौरान कैबिनेट ने कुल 31 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अपनी मंजूरी दी।
डुमरांव में बनेगा भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खां संगीत महाविद्यालय
कैबिनेट ने बक्सर जिले के डुमरांव में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खां के नाम पर संगीत महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी है। इससे राज्य के विद्यार्थियों को संगीत की विभिन्न विधाओं में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पहले इस महाविद्यालय के लिए 14 करोड़ 52 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। इसके स्थान पर राज्य योजना के तहत कॉलेज भवन, फर्नीचर, आंतरिक सड़क और चारदीवारी के निर्माण के लिए 87 करोड़ 81 लाख 43 हजार 400 रुपये की नई प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
नई योजना को मिली हरी झंडी
कैबिनेट ने विभागीय स्वीकृत्यादेश संख्या 302, दिनांक 24.02.2025 के तहत पूर्व में स्वीकृत योजना को निरस्त करते हुए, राज्य स्कीम के अंतर्गत प्रस्तावित इस संगीत महाविद्यालय के सभी आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए नई राशि को मंजूरी दी है।
सरकार का मानना है कि इस महाविद्यालय की स्थापना से न केवल संगीत शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि उस्ताद बिस्मिल्ला खां की विरासत को भी संरक्षित किया जा सकेगा।


