
नीट री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दानापुर मंडल ने 21 जून को छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। रेलवे का उद्देश्य परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पटना, बक्सर, दरभंगा, जसीडीह, दानापुर और गया के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पहली परीक्षा स्पेशल ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं बक्सर-पटना, पटना-बक्सर, जसीडीह-दानापुर, दानापुर-जसीडीह और पटना-गया रूट पर भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इन रूटों पर चलेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
- पटना जंक्शन – दरभंगा
- बक्सर – पटना
- पटना – बक्सर
- जसीडीह – दानापुर
- दानापुर – जसीडीह
- पटना जंक्शन – गया
रेलवे ने अभ्यर्थियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने और यात्रा संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लेने की अपील की है।
NEET परीक्षा को लेकर EOU अलर्ट मोड में
इधर, 21 जून को होने वाली परीक्षा को लेकर बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पहले गड़बड़ी कर चुके 135 संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
फर्जी कॉल और पेपर लीक के झांसे से रहें सावधान
EOU ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी प्रश्नपत्र, उत्तर कुंजी या परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर ठगी करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे किसी भी कॉल, मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें और तुरंत इसकी सूचना संबंधित एजेंसियों को दें।
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
- परीक्षा केंद्र के लिए समय से पहले निकलें।
- एडमिट कार्ड और पहचान पत्र साथ रखें।
- किसी भी प्रकार के पेपर लीक या सफलता की गारंटी वाले दावों से बचें।
- केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
नीट री-एग्जाम को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए रेलवे और प्रशासन दोनों ने व्यापक तैयारियां की हैं।


