
पटना/मसौढ़ी: राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरजामा गांव में शनिवार सुबह एक निजी स्कूल शिक्षक का शव खेत से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मसौढ़ी पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान निशांत कुमार के रूप में
मृतक की पहचान खरजामा गांव निवासी 28 वर्षीय निशांत कुमार के रूप में हुई है। वह एक निजी विद्यालय में शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार निशांत शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
अपने ही खेत में मिला शव
शनिवार सुबह खरजामा और जिलालबीघा गांव के बीच स्थित खेत में निशांत का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर शव मिला, वह खेत और केबिन मृतक का ही था।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां ने बताया कि निशांत का किसी से कोई विवाद नहीं था। न जमीन को लेकर कोई झगड़ा था और न ही किसी प्रकार की दुश्मनी। वहीं पिता बिंदेश्वर प्रसाद मंडल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की गला दबाकर हत्या की गई है और शव को खेत में लाकर फेंका गया है।
“हमारे बेटे की किसी ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव यहां डाल दिया। यह सरासर हत्या है। मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।”
— बिंदेश्वर प्रसाद मंडल, मृतक के पिता
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने मौके से कई नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने कुछ सामान भी जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगा खुलासा
मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
“हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
— विवेक भारती, थानाध्यक्ष, मसौढ़ी
गांव में शोक, लोगों में कई सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक निशांत शांत और मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी अचानक मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना बेहद संदिग्ध है और सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और संभावित हत्या की गुत्थी पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


