भागलपुर, जनता की समस्याओं के समाधान और स्थानीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से भागलपुर के सांसद श्री अजय कुमार मंडल ने रविवार को नाथनगर प्रखंड अंतर्गत रत्तीपुर पंचायत के बैरिया एवं रसदपुर क्षेत्रों में गंगा नदी में चल रहे ड्रेजिंग कार्य का स्थल निरीक्षण किया। यह कार्य भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थल निरीक्षण के दौरान सांसद अजय कुमार मंडल ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बताया कि ड्रेजिंग कार्य के कारण नदी के किनारे कटाव बढ़ गया है, खेती प्रभावित हो रही है तथा लोगों की सुरक्षा को लेकर भी खतरे उत्पन्न हो गए हैं। ग्रामीणों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए सांसद ने संबंधित अधिकारियों को जनहित में ड्रेजिंग कार्य तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया।
सांसद अजय कुमार मंडल ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि ड्रेजिंग से उत्पन्न सभी जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट अपने उच्चाधिकारियों को अविलंब भेजी जाए, ताकि स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विकास कार्य को जनता की सुरक्षा, सहमति और हितों को दरकिनार कर नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि आगे की सभी कार्यवाहियां स्थानीय जनता की मांगों, सुरक्षा और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ही तय की जाएंगी। जनहित से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर नाथनगर विधायक श्री मिथुन कुमार यादव भी स्थल निरीक्षण में उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्थानीय लोगों की समस्याओं का समर्थन करते हुए ड्रेजिंग कार्य को जनहित में बंद करने की बात कही और जनता के साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और आजीविका से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद और विधायक द्वारा मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने पर संतोष व्यक्त किया तथा जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।


