भागलपुर स्टेशन चौक पर प्रशासन का औचक अतिक्रमण विरोधी अभियान, अवैध दुकानों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप

भागलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से भागलपुर स्टेशन चौक पर प्रशासन ने बुधवार को औचक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अभियान का नेतृत्व सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी एवं यातायात डीएसपी संजय कुमार ने किया। इस दौरान नगर निगम के उप नगर आयुक्त, अतिक्रमण शाखा के अधिकारी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे एवं फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और ठेलों को हटाया।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कई दुकानदारों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया, जबकि कुछ दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन चौक पर रोजाना लगने वाले जाम के कारण यात्रियों, आम लोगों और वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना है।

सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने कहा कि स्टेशन चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं है, बल्कि आगे भी नियमित रूप से औचक अभियान चलाए जाएंगे।

वहीं नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि नगर निगम द्वारा पहले भी दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके नियमों का उल्लंघन जारी था, जिसके बाद सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्टेशन चौक क्षेत्र में यातायात कुछ हद तक सुचारु हुआ। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा प्रशासन का सहयोग करें।

  • Related Posts

    सराहनीय पहल: भागलपुर डीडीसी ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खाया मिड-डे मील, बैजानी और पुरैनी पंचायतों में योजनाओं की ली सुध

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बैजानी पंचायत का किया स्थलीय निरीक्षण; आकांक्षी प्रखंड के मानकों पर विकास तेज करने का निर्देश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading