
पटना। बिहार में झुलसाती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार राज्य में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। इस क्रम में सोमवार को राजधानी पटना में भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया था और जनजीवन प्रभावित रहा।
12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के सिवान, सारण, पटना, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, लखीसराय और मुंगेर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
15 जिलों में येलो अलर्ट
सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, जमुई, बांका, दरभंगा, मधुबनी, पटना, गोपालगंज, सिवान, भोजपुर और नालंदा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका है।
ठनका और आंधी-तूफान की चेतावनी
विभाग ने संभावना जताई है कि राज्य के कई हिस्सों में आंधी, तूफान, वज्रपात और तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने चेताया है कि येलो और ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में लोग बिना आवश्यक कार्य घर से बाहर ना निकलें, और सुरक्षित स्थानों पर रहें। ऊंचे पेड़ों, खुले स्थानों और बिजली के खंभों से दूर रहने की विशेष सलाह दी गई है।


