
East Central Railway के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे प्रशासन ने 11 से 15 मई 2026 तक कई ट्रेनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया है। इस दौरान करीब 45 से अधिक पैसेंजर, डेमू, इंटरसिटी और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि 31 एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
रेलवे के अनुसार रामभद्रपुर, हयघाट और थलवारा स्टेशनों पर दोहरीकरण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए प्री-एनआई और एनआई कार्य किया जा रहा है। इसी कारण यह विशेष ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है।
कई प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द
इस अवधि में समस्तीपुर-जयनगर पैसेंजर, जयनगर-आरा एक्सप्रेस, मनिहारी-जयनगर एक्सप्रेस, दरभंगा-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस, समस्तीपुर-दरभंगा डेमू सहित कई ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में निरस्त किया गया है।
बदले मार्ग से चलेंगी एक्सप्रेस ट्रेनें
रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों का रूट भी डायवर्ट किया है। इनमें Bihar Sampark Kranti Express, Ganga Sagar Express, Sabarmati Express, Swatantrata Senani Express और अमृतसर, नई दिल्ली, रक्सौल तथा अहमदाबाद जाने वाली कई ट्रेनें शामिल हैं। अधिकांश ट्रेनों को मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-दरभंगा वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा।
कुछ ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट
रेलवे ने कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त या शुरू करने का निर्णय लिया है। कुछ ट्रेनें बरौनी जंक्शन, समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर तक ही संचालित होंगी।
कई ट्रेनें विलंब से खुलेंगी
14 मई को जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस को देरी से रवाना किया जाएगा।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति जरूर जांच लें। यात्री NTES या Indian Railways 139 Services के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


