
पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कटेसर गांव की बताई जा रही है, जहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव नींबू के पेड़ से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान 64 वर्षीय शिव साव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार रविवार रात शिव साव का अपने गोतिया और पाटीदारों के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। सोमवार सुबह उनका शव घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ से लटका मिला। मृतक के बेटे रवि कुमार ने आरोप लगाया कि पहले उनके पिता के साथ मारपीट की गई और बाद में हत्या कर शव को पेड़ से टांग दिया गया।
रवि कुमार ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे परिवार को घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर उनके पिता मृत अवस्था में मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर में गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया है। फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि पहले मारपीट की गई और उसके बाद शव को पेड़ से लटकाया गया। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


