
पटना के नौबतपुर इलाके में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा पिपलावां थाना क्षेत्र के नौबतपुर-बिक्रम सोन नहर मुख्य मार्ग स्थित फरीदपुरा दरियापुर पुल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान छोटी टेंगरैला निवासी जद्दू पासवान के 30 वर्षीय पुत्र मेघा पासवान और अमरपुरा निवासी देवेंद्र मोची के 28 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बिक्रम थाना क्षेत्र के मंझौली गांव में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने का सामान पहुंचाने गए थे।
जानकारी के अनुसार, देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फरीदपुरा दरियापुर पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। पिपलावां थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया।
थानाध्यक्ष सागर कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


