भागलपुर : देश के लिए शहीद हुए नवगछिया के इस्माईलपुर निवासी संतोष यादव की शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। संतोष यादव के भाई ब्रजेश कुमार ने बताया कि सेना यूनिट की ओर से मंगलवार सुबह फोन कर इस दुखद सूचना की जानकारी दी गई। संतोष तीन महीने पहले ही घर आए थे।
परिवार का बुरा हाल, पत्नी और बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
संतोष यादव की पत्नी साधना कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद के चार बच्चे हैं—बड़ी बेटी दीक्षा कुमारी ने इस साल मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की है, दूसरी बेटी दीप्ति कुमारी नौवीं कक्षा में पढ़ती है, तीसरी बेटी इशिका कुमारी और सबसे छोटा बेटा लक्ष्य कुमार मात्र चार वर्ष का है।
विशेष विमान से आएगा पार्थिव शरीर
शहीद का पार्थिव शरीर बुधवार को विशेष सेना विमान से सुबह 10:00 बजे तक पटना लाया जाएगा। इसके बाद सड़क मार्ग से पार्थिव शरीर देर शाम इस्माईलपुर पहुंचेगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
राजनीतिक और सामाजिक शोक संदेश
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद संतोष यादव की वीरता और देशभक्ति देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
वहीं, नप सभापति प्रतिनिधि एवं समाजसेवी प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने मंगलवार की रात शहीद के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
शहीद की शहादत ने क्षेत्र को गर्व के साथ गम में डुबो दिया है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और लोग अंतिम दर्शन की प्रतीक्षा में हैं।


