
मोतिहारी (रक्सौल):रक्सौल के कौड़िहार चौक पर जन सुराज अभियान के अंतर्गत पुल निर्माण की मांग को लेकर आयोजित धरना उस समय चर्चा का केंद्र बन गया जब चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही मीडिया कर्मियों और अन्य यूट्यूबरों से तीखी बहस, धक्का-मुक्की और हंगामा देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
धरने में मनीष कश्यप के शामिल होने को लेकर पत्रकारों और यूट्यूबरों ने उनसे कई सवाल किए, जिनमें कुछ प्रश्नों ने उन्हें असहज कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर के समर्थन में बोलते हुए मनीष कश्यप से जब प्रशांत किशोर के पुराने बयानों को लेकर सवाल पूछे गए, तो वे भड़क गए और पत्रकारों व यूट्यूबरों को तीखी प्रतिक्रिया दी। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और मनीष तथा अन्य यूट्यूबरों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद भीड़ को हस्तक्षेप करना पड़ा। पत्रकारों को “देख लेने” जैसी बातें कहे जाने की बात भी सामने आई है, जिससे माहौल और गरमाया।
जन सुराज अभियान के तहत आयोजित यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन, अचानक यूट्यूबरों के बीच विवाद का केंद्र बन गया, जिसने आंदोलन के उद्देश्य से अधिक व्यक्तिगत टकराव को उजागर किया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मनीष कश्यप और अन्य यूट्यूबरों के व्यवहार को लेकर प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं।


