
पीएसआई इंडिया द्वारा तकनीकी सहयोग, महिलाओं को मिल रही जागरूकता और सेवाएं
भागलपुर, 29 जुलाई 2025:विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा (11 से 31 जुलाई) के अंतर्गत भागलपुर जिले में व्यापक स्तर पर परिवार नियोजन विशेष सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण के साथ-साथ मातृ और शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने बताया कि सुल्तानगंज, कहलगांव, बिहपुर, नवगछिया, तथा सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (अर्बन पीएचसी) और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (गंगानियां, तिलकपुर, रसीदपुर, मिश्रपुर, कुमैठा, करहरिया) के साथ हेल्थ सब सेंटर उधाडीह में मंगलवार को विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
इन शिविरों में आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन, छाया, ओसीपी, और कंडोम जैसी आधुनिक गर्भनिरोधक विधियों की निःशुल्क सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं को परामर्श के माध्यम से इन सेवाओं का लाभ लेने और दो बच्चों के बीच सुरक्षित अंतराल रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला सामुदायिक उत्प्रेरक (डीसीएम) भरत ने जानकारी दी कि हर मंगलवार को शहरी मलिन बस्तियों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान में सहयोगी संस्था पीएसआई इंडिया तकनीकी सहयोग दे रही है। संस्था की जिला प्रतिनिधि रितु तिवारी द्वारा प्रचार-प्रसार और शिविर प्रबंधन में सहयोग किया जा रहा है।
रितु तिवारी ने बताया कि शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम सेवाएं दे रही है। इसके अलावा लाभार्थियों को सब-डर्मल इंप्लांट, महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी आदि के लिए परामर्श और रेफरल सेवाएं भी दी जा रही हैं।
इन शिविरों के माध्यम से न केवल गर्भनिरोधक सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है, बल्कि महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास जनसंख्या स्थिरीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


