TRE-4 को लेकर बड़ा अपडेट: 25 जुलाई तक BPSC को जाएगी अधियाचना, अगस्त के पहले सप्ताह में आ सकता है नोटिफिकेशन

पटना: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया TRE-4 को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 25 जुलाई तक हर हाल में अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी जाए। इसके बाद अगस्त के पहले सप्ताह में TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

46,882 पदों पर होगी नियुक्ति

TRE-4 के तहत कुल 46,882 शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है—

  • प्राथमिक विद्यालय: 10,778 पद
  • मध्य विद्यालय: 8,583 पद
  • माध्यमिक विद्यालय: 9,082 पद
  • उच्च माध्यमिक विद्यालय: 16,774 पद

पहले सितंबर में परीक्षा की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन विभागीय प्रक्रिया में देरी के कारण कार्यक्रम आगे बढ़ गया।

समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री के सख्त निर्देश

राजस्थान दौरे से लौटने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में TRE-4, मॉडल स्कूल, शिक्षक स्थानांतरण नीति और शिक्षा सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

जनता की शिकायतों के निपटारे की समय सीमा तय

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आम लोगों से प्राप्त सभी आवेदन और शिकायतों का 30 कार्यदिवस के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

मॉडल स्कूलों में 4 लाख से अधिक नामांकन

शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य के मॉडल स्कूलों में अब तक 4 लाख से अधिक छात्रों का नामांकन हो चुका है। शिक्षा मंत्री ने अन्य राज्यों के मॉडल स्कूलों का अध्ययन कर बिहार में बेहतर व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में अगले सप्ताह विशेष बैठक भी होगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम करेगी दौरा

अगले सप्ताह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक विशेष टीम बिहार का दौरा करेगी। टीम राज्य में शिक्षा सुधार, नवाचार और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेगी। विभाग को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

नई कोचिंग नीति की तैयारी

राजस्थान के कोटा और सीकर मॉडल का अध्ययन करने के बाद बिहार सरकार अब राज्य की नई कोचिंग नीति तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बेहतर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

जिला और प्रखंड अधिकारियों को विशेष निर्देश

शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी जिला एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रत्येक माह एक दिन किसी गांव में रुककर अभिभावकों से संवाद करें और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही सिमुलतला आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार तथा मदरसा बोर्ड को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

राज्य शिक्षा समिति के गठन पर विचार

बैठक में राज्य स्वास्थ्य समिति की तर्ज पर राज्य शिक्षा समिति गठित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

TRE-4 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अब सबसे बड़ी नजर अगस्त के पहले सप्ताह पर होगी, जब भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की उम्मीद है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का बड़ा एक्शन, ड्यूटी से गायब डॉक्टरों पर सख्ती; निजी क्लिनिक भेजने वालों पर भी होगी कार्रवाई

    Share Add as a preferred…

    PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, सभी डॉक्टर लौटे ड्यूटी पर; मारपीट और लापरवाही के आरोपों ने बढ़ाया विवाद

    Share Add as a preferred…