
पटना: बिहार की राजधानी पटना के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार गुरुवार को खत्म हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर का विस्तार करते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन तक मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पाटलिपुत्र आईएसबीटी (ISBT) से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का नियमित परिचालन शुरू हो गया।
उद्घाटन के पहले दिन यात्रियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई, जिसका लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में मेट्रो की पहली यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। राजधानी के लोगों ने इसे पटना के आधुनिक परिवहन इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन बताया।
6.2 किलोमीटर का नया कॉरिडोर, 4 स्टेशनों को मिला सीधा कनेक्शन
मेट्रो का यह नया प्रायोरिटी कॉरिडोर करीब 6.2 किलोमीटर लंबा है। इस रूट पर फिलहाल आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी स्टेशन से यात्रियों का आवागमन शुरू हो गया है। हालांकि खेमनीचक स्टेशन पर अभी यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, क्योंकि वहां इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है।
सिर्फ 30 रुपये में आरामदायक सफर
पटना मेट्रो प्रशासन ने इस रूट के लिए अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया है। वहीं बीच के स्टेशनों तक यात्रा करने वाले यात्रियों को 15 रुपये का टिकट लेना होगा। फिलहाल टिकट काउंटर से कैश या ऑनलाइन भुगतान के जरिए टोकन उपलब्ध कराया जा रहा है। मेट्रो कार्ड और पास की सुविधा बाद में शुरू की जाएगी।
मेट्रो का नियमित परिचालन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होगा और आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक की पूरी यात्रा मात्र 25 मिनट में पूरी हो जाएगी।
जाम से मिलेगी राहत, मरीजों को होगा सबसे ज्यादा फायदा
मलाही पकड़ी और आसपास का इलाका राजधानी का प्रमुख मेडिकल हब माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में अस्पताल, क्लीनिक और डॉक्टरों के प्रतिष्ठान मौजूद हैं। ऐसे में अब मरीजों और उनके परिजनों को सड़क जाम, धूल और घंटों की यात्रा से राहत मिलेगी।
यात्रियों ने कहा कि मेट्रो शुरू होने से न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त यात्रा का विकल्प भी मिलेगा।
पहले दिन मेट्रो में दिखा उत्सव जैसा माहौल
उद्घाटन के बाद पहले दिन मेट्रो स्टेशनों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कई परिवार अपने बच्चों के साथ पहली बार मेट्रो की सवारी करने पहुंचे। यात्रियों ने आधुनिक स्टेशन, स्वच्छ वातावरण और तेज रफ्तार यात्रा की सराहना की।
जनसंपर्क पदाधिकारी ने क्या कहा?
पटना मेट्रो की जनसंपर्क पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने बताया कि मेट्रो का परिचालन पहले की तरह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस सेवा का लोग इंतजार कर रहे थे, उसके शुरू होने से यात्रियों के चेहरों पर दिख रही खुशी ही इस परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि पटना मेट्रो के शेष हिस्सों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे नेटवर्क को जनता के लिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
31.9 किलोमीटर लंबे नेटवर्क पर तेजी से काम
पटना मेट्रो परियोजना के तहत राजधानी में कुल 31.9 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। भविष्य में दानापुर से पटना बस स्टैंड (आईएसबीटी) तक मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद राजधानी के लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा खेमनीचक, मीठापुर और पटना जंक्शन तक के कॉरिडोर पर भी तेजी से निर्माण कार्य जारी है। सरकार और पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का दावा है कि आने वाले वर्षों में राजधानी की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी।


