अश्लील वीडियो कांड में बड़ा अपडेट: पुलिस दबिश के बाद रेहान खलीफा ने पटना में किया सरेंडर, स्पीडी ट्रायल की तैयारी

गया/पटना: बिहार के गया जिले में चर्चित अश्लील वीडियो कांड के मुख्य आरोपी रेहान खलीफा ने पुलिस के लगातार दबाव के बाद पटना के फुलवारी शरीफ थाना में सरेंडर कर दिया है। आरोपी पर कई युवतियों के साथ अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने का गंभीर आरोप है।

SIT की दबिश के बाद टूटा आरोपी का हौसला

मामला सामने आने के बाद बिहार पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दिल्ली, प्रयागराज समेत कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।

लगातार दबिश और गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के बीच आखिरकार आरोपी रेहान खलीफा ने पटना में आत्मसमर्पण कर दिया।

पटना से गया लाई जा रही पुलिस टीम

मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी को पटना से गया लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा, ताकि आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पीड़िता के भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती के भाई ने बांके बाजार थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए विशेष टीम का गठन किया और आरोपी की तलाश तेज कर दी।

जांच जारी, कई पहलुओं की होगी पड़ताल

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे, कितनी पीड़िताएं हैं और अश्लील वीडियो किस माध्यम से तैयार व प्रसारित किए गए।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

  • ये भी पढ़े..