
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वैशाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-22 पर घेराबंदी कर एक कार से करीब 99 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर से हाजीपुर की ओर एक कार में गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद Vikram Sihag के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
वाहन जांच के दौरान हुई कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने भगवानपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस टीम को देखते ही कार सवार दोनों तस्कर वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों मौके से फरार हो गए।
कार की तलाशी में मिला गांजा
तस्करों के फरार होने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें से 99 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
मामले को लेकर लालगंज एसडीपीओ ने बताया कि कार चालक और वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


