
पटना में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। कर्तव्य में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने पंचमहला और हाथीदह थाना अध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर आरोप है कि अपराधियों के घर छापेमारी के दौरान उनका रवैया पुलिस की गरिमा के विपरीत था, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई।
जानकारी के अनुसार, सोनू-मोनू गोलीकांड और छापेमारी मामले में पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार को सस्पेंड किया गया है। मामला बाढ़ अनुमंडल के पंचमहला थाना क्षेत्र स्थित नौरंगा जलालपुर गांव का है।
सोशल मीडिया पोस्ट विवाद के बाद हुई थी गोलीबारी
बताया जा रहा है कि 23 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया था। इस दौरान गोलीबारी हुई, जिसके बाद पंचमहला थाना में मामला दर्ज किया गया। इस संबंध में कांड संख्या-46/2026 दर्ज की गई थी।
छापेमारी के दौरान हुआ विवाद
घटना में शामिल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। जब पुलिस टीम आरोपियों के घर पहुंची तो दोनों आरोपी फरार मिले।
इस दौरान परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया गया, जो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में दिखी आपत्तिजनक स्थिति
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि एक महिला आरोपी सोनू कुमार के भाई और कुख्यात अपराधी मोनू कुमार से पंचमहला थानाध्यक्ष की फोन पर बात करा रही थी। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मी वहां मौजूद लोगों के सामने कतार में खड़े होकर अपनी तलाशी देते भी नजर आए।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे और मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
SSP ने बताया पुलिस की छवि को नुकसान
पटना SSP ने आदेश जारी करते हुए कहा कि किसी वांछित अपराधी के घर छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा खुद की तलाशी देना और अपराधी पक्ष से फोन पर बातचीत करना बेहद आपत्तिजनक है। इससे आम लोगों के बीच पुलिस की छवि खराब हुई है।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे अपराधियों में भय और आम जनता में विश्वास पैदा हो, लेकिन इस मामले में अधिकारियों की कार्यशैली में कर्तव्य के प्रति लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता स्पष्ट दिखाई दी।
विभागीय कार्रवाई शुरू
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-1 की रिपोर्ट के आधार पर पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय नवीन पुलिस केंद्र, पटना निर्धारित किया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।


