
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरपीएफ की CPDS टीम, CIB और GRP ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 15232 में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को CPDS टीम छपरा द्वारा सुरेमनपुर से छपरा जंक्शन तक ट्रेन संख्या 15232 में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान कोच संख्या EC/227257 में कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग और थैला लिए खड़े दिखाई दिए।
संदेह होने पर टीम ने बैगों की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
कई ब्रांड की विदेशी शराब बरामद
बरामद शराब में रॉयल स्टैग, सिग्नेचर रेयर, ब्लेंडर प्राइड, मैजिक मोमेंट वोडका, आफ्टर डार्क, ऑफिसर चॉइस, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर और बडवाइजर मैग्नम प्रीमियम बीयर समेत कई ब्रांड शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार कुल 106.915 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 890 रुपये बताई जा रही है।
पांच तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली निवासी सदर कुमार, नयागांव निवासी सुजीत कुमार ओझा और सरोज कुमार, अमनौर निवासी श्याम सुंदर कुमार तथा सोनपुर निवासी हिमांशु पांडे शामिल हैं।
मामले में रेल थाना छपरा में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विशाल, कांस्टेबल संजय यादव, कांस्टेबल अरविंद कुमार शाह, एएसआई विजय रंजन मिश्रा, एचसी रामसूरत कुमार, सीटी दिलीप कुमार और एएसआई लल्लन कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


