वैशाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में अपहृत युवक को भागलपुर से बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

वैशाली। जिले में अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। वैशाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया, साथ ही इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए वैशाली के एसपी ने बताया कि 27 मार्च को सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-22 पर एक कार लावारिस हालत में मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि कार मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी सत्यम परासर की है।

इसके बाद पुलिस ने सत्यम के परिजनों से संपर्क किया और मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान एक अहम सुराग तब मिला, जब सत्यम की पत्नी को व्हाट्सएप कॉल के जरिए 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर जांच तेज कर दी। छानबीन के दौरान लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम भागलपुर पहुंची, जहां से अपहृत युवक सत्यम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि सत्यम पर आरोपियों का करीब एक लाख रुपये बकाया था। बार-बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर आरोपियों ने अपहरण की साजिश रची थी, ताकि दबाव बनाकर पैसा वसूला जा सके।

पुलिस ने इस मामले में रवि कुमार, अभिषेक कुमार और आशीष कुमार को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपी भागलपुर के निवासी हैं, जबकि एक झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है।

एसपी ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी का पैसा कहीं फंसा हुआ है, तो वे कानून का सहारा लें और पुलिस की मदद लें। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने से ऐसी घटनाएं होती हैं, जिनमें पीड़ित भी आरोपी बन जाता है।

पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई की सराहना की जा रही है। एसपी ने बताया कि इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाने वाले सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार को सम्मानित किया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सतर्क पुलिसिंग और तेजी से कार्रवाई करने पर गंभीर अपराधों का भी समय रहते खुलासा किया जा सकता है।

  • ये भी पढ़े..

    अमडंडा थाना वायरल वीडियो मामला: संदिग्ध युवक के वीडियो से मचा हड़कंप, SSP ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश

    Share Add as a preferred…

    टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में पार्क निर्माण का विरोध, बच्चों के खेल मैदान को बचाने सड़क पर उतरे स्थानीय लोग

    Share Add as a preferred…