पटना में पैक्स अध्यक्ष के घर छापेमारी, हथियारों का जखीरा बरामद; राइफल, कारतूस और नकदी मिली

पटना। राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पैक्स अध्यक्ष के घर से हथियार, जिंदा कारतूस और नकदी बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के साबरचक गांव निवासी और वर्तमान पैक्स अध्यक्ष रवींद्र कुमार अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, फुलवारीशरीफ ने किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रवींद्र कुमार के घर से एक बैग में रखे 2 देशी कट्टा, 16 जिंदा कारतूस, 20 खोखा, करीब 89,810 रुपये नकद और एक चाकू बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने रवींद्र कुमार की निशानदेही पर गांव स्थित उनके पुराने घर में भी छापा मारा, जहां से 0.315 बोर की एक राइफल बरामद हुई।

इस मामले में पुलिस ने घर के मालिक संजय कुमार (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नौबतपुर थाना कांड संख्या 204/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों के स्रोत और इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया जाना था।

इस कार्रवाई को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। साथ ही यह संकेत भी दिया गया है कि राजधानी में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में पार्क निर्माण का विरोध, बच्चों के खेल मैदान को बचाने सड़क पर उतरे स्थानीय लोग

    Share Add as a preferred…

    अमडंडा थाना का कथित वीडियो वायरल, थाने के भीतर युवक के नशा सेवन का दावा; पुलिस पर रिश्वत लेकर छोड़ने के आरोप

    Share Add as a preferred…