
भागलपुर, 10 जुलाई 2025:मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के खिलाफ महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का मिला जुला असर भागलपुर में व्यापक रूप से देखने को मिला। सुबह से ही महागठबंधन के कार्यकर्ता शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रक्रिया को अव्यवस्थित व पक्षपातपूर्ण बताया। इस दौरान कई स्थानों पर टायर जलाकर आवागमन बाधित किया गया, जिससे लंबे समय तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
शहर के व्यस्त इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल, कॉलेज, बैंक और बाजारों पर भी बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। आमजन को सुबह से दोपहर तक यातायात ठप रहने के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन सड़क जाम और जनजीवन पर पड़ा प्रभाव यह संकेत देता है कि मतदाता सूची को लेकर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों में गंभीर असंतोष है।


