नगरनौसा में चुनावी सभा के दौरान बोले भाजपा अध्यक्ष, लालू परिवार पर लगाया भ्रष्टाचार और अराजकता फैलाने का आरोप
नगरनौसा, नालंदा | 31 अक्टूबर 2025: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को नगरनौसा में एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद और लालू परिवार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा — “राजद का मतलब है रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी। लालू परिवार सबसे भ्रष्ट है। इनके डीएनए में जंगलराज की मानसिकता है। पूरा परिवार बेल पर है, जो खुद जेल जाने वाला हो वह जनता की सेवा क्या करेगा।”
नड्डा ने कहा कि बिहार में यह चुनाव एनडीए के विकास और महागठबंधन के विनाश के बीच है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 14 नवंबर को एनडीए प्रचंड बहुमत से दोबारा सत्ता में लौटेगा।
तेजस्वी पर सीधा वार
जेपी नड्डा ने कहा — “तेजस्वी यादव हर परिवार को नौकरी देने की बात करते हैं। जो खुद नौवीं पास हैं और दूसरों की जमीन हड़पकर रोजगार की बात करते हैं, वे नौकरी क्या देंगे? शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट देकर फिर से गुंडाराज लाना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उस दौर को नहीं भूली है जब एक आईएएस की पत्नी के साथ अत्याचार हुआ था और एक डीएम की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।
“उजाले का महत्व समझने के लिए याद रखें अंधकार”
नड्डा ने कहा कि “बिहार के लोगों को उजाले का महत्व समझने के लिए 90 के दशक के उस अंधकारमय जंगलराज को याद रखना चाहिए।”
उन्होंने कहा — “तेजस्वी ने पढ़ाई नहीं की, जबकि हरिनारायण जी 1965 के ग्रेजुएट हैं। ढाई करोड़ नौकरी देने का वादा खोखला है, क्योंकि उस पर सालाना खर्च 12 लाख करोड़ रुपये आएगा जबकि बिहार का कुल बजट मात्र 3.17 लाख करोड़ है।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लालू राज में अपहरण एक उद्योग बन गया था, डॉक्टर और इंजीनियर बिहार छोड़कर भाग रहे थे, मीसा भारती की शादी में शोरूम से गाड़ियां उठा ली गई थीं। उन्होंने कहा कि “ऐसा शासन दोबारा नहीं आना चाहिए।”
“नीतीश के नेतृत्व में विकास का दौर”
जेपी नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने जनता से अपील की कि “एनडीए की सरकार को फिर मौका दें, ताकि विकास की गति और तेज़ हो सके।”


