नीतीश कुमार बोले – अब छह घंटे में सूबे के किसी हिस्से से पटना पहुंचना संभव, बिहार में बन रहे हैं विकास के पुल

मुख्यमंत्री ने कहा – 2005 से पहले गड्ढों में थी सड़कें, अब एक्सप्रेस-वे और एलिवेटेड रोड से बदल रही तस्वीर

पटना, 31 अक्टूबर 2025।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में सड़क और पुल निर्माण के क्षेत्र में पिछले दो दशकों में ऐतिहासिक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 20 बड़े पुलों का निर्माण कराया है, जबकि 18 पुलों का निर्माण कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “2005 से पहले बिहार की सड़कों की हालत ऐसी थी कि समझना मुश्किल होता था — सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। लोग भय और असुविधा के साथ सफर करने को मजबूर थे। थोड़ी दूरी तय करने में घंटों लग जाते थे।”

उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। “अब राज्य के किसी भी हिस्से से छह घंटे में पटना पहुंचा जा सकता है। हमारा लक्ष्य है कि यह सफर पांच घंटे में पूरा हो। इसके लिए नए एक्सप्रेस-वे, पुल, बाईपास, एलिवेटेड रोड और आरओबी का तेजी से निर्माण हो रहा है,” मुख्यमंत्री ने कहा।

नीतीश कुमार ने बताया कि पहले पुल-पुलिया न होने के कारण कई जिले बरसात में राजधानी से कट जाते थे। “सीतामढ़ी, शिवहर जैसे जिलों के लोग बारिश के दौरान जल कैदी बन जाते थे। छात्र महीनों स्कूल नहीं जा पाते थे। अब यह स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है,” उन्होंने लिखा।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सड़क और पुल निर्माण ने न सिर्फ यात्रा को आसान बनाया है बल्कि राज्य के आर्थिक और सामाजिक जीवन में नई गति दी है।

 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    सिवान में रंगदारी का सनसनीखेज मामला, सांसद और विधायक को मिली जान से मारने की धमकी

    Continue reading
    नालंदा में उम्रदराज महिलाओं ने दी परीक्षा, साक्षरता अभियान में बढ़ा उत्साह

    Continue reading