जन सुराज को मिला “स्कूल बैग” चुनाव चिन्ह, प्रशांत किशोर बोले – यही है गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी खत्म करने का रास्ता

कोईलवर/आरा (भोजपुर), 26 जून। जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर ने गुरुवार को भोजपुर जिले के कोईलवर, बड़हरा और आरा प्रखंड में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा जन सुराज को “स्कूल बैग” चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने पर धन्यवाद देते हुए इसे बिहार की शिक्षा क्रांति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल बैग बिहार से गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी खत्म करने का रास्ता है।

सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मोदी जी वोट लेते हैं बिहार से और फैक्ट्री लगाते हैं गुजरात में। भोजपुर और आरा के बच्चे मजदूरी करने गुजरात जाते हैं। जब वोट आपका है तो फैक्ट्री बिहार में क्यों नहीं?”

प्रशांत किशोर ने कहा कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की सरकारों ने पिछले 30-35 वर्षों में बिहार को मजदूर राज्य बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज ही एकमात्र विकल्प है, जो शिक्षा और रोजगार के जरिए बिहार को आत्मनिर्भर बनाएगा।

सभा से पहले प्रशांत किशोर ने बखोरापुर मंदिर में पूजा-अर्चना की। पटना से भोजपुर आते वक्त रास्ते में कई स्थानों पर उनका नागरिक अभिनंदन हुआ। कायमनगर, बखोरापुर, गुंडी बाजार, सरैया, सलेमपुर सहित कई जगहों पर जन सुराज समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। पूरे रास्ते गाड़ियों का लंबा काफिला उनके साथ चलता रहा।

“जनता का राज चाहिए, न कि लालू-नीतीश या मोदी का”

सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने लोगों से सवाल किया कि क्या वे फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं? जवाब में सभा में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर कहा – नहीं। इस पर PK ने कहा, “इस बार अगर मोदी जी भी नीतीश चचा के लिए वोट मांगने आएं, तो मत दीजिए। अगली बार वोट अपने बच्चों के लिए दीजिए।”

उन्होंने जनता से अपील की कि अब वोट नेताओं के चेहरे देखकर नहीं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को देखकर देना चाहिए। “बिहार को बचाना है, तो जनता को आगे आना होगा और व्यवस्था बदलनी होगी,” उन्होंने कहा।

प्रशांत किशोर की सभाओं में बड़ी संख्या में लोग जुटे, खासकर युवा वर्ग ने जोरदार समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि जन सुराज सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक जन आंदोलन है, जो बिहार के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का वाहक बनेगा।

ये भी पढ़े..

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

Share Add as a preferred…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *