मुंगेर में अवैध हथियार कारोबार का भंडाफोड़, दो पिस्टल और 120 कारतूस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

बिहार के मुंगेर में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार कारोबार का खुलासा किया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार तस्कर के घर से दो पिस्टल, 120 जिंदा कारतूस, हथियारों के कई पार्ट्स और साढ़े चार लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाकरपुर गांव निवासी मो. साहिल मल्लिक अपने घर में अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही Syed Imran Masood के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल थे।

टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।

बाइक और कार से बरामद हुए हथियार और कारतूस

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के आंगन में खड़ी बाइक के टूल बॉक्स की तलाशी ली, जहां से मैगजीन सहित दो पिस्टल बरामद किए गए। इसके बाद घर के बेडरूम में रखी डेस्क की दराज से 90 जिंदा कारतूस और 8 बट प्लेट बरामद हुईं।

पुलिस ने घर के बाहर खड़ी कार की भी जांच की, जहां डैशबोर्ड से 30 और जिंदा कारतूस तथा 4 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

तीन तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. साहिल मल्लिक के अलावा मो. आजाद और गोपाल दास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने अवैध हथियार और कारतूस कारोबार में संलिप्तता स्वीकार की है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से अवैध हथियारों और गोलियों की सप्लाई में सक्रिय था और इसका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है।

सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस

एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि बरामद हथियारों और कारतूस से साफ है कि गिरोह बड़े स्तर पर अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस अब पूरे सप्लाई चेन की जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

  • ये भी पढ़े..

    नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो हथियार और 31 कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    प्रथम पंच ग्राममाता सोनिया देवी की पुण्यतिथि पर संतमत सत्संग, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था

    Share Add as a preferred…