
हाजीपुर/वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर फुलवरिया गांव के पास तीन भारी वाहनों की टक्कर के दौरान सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान पोषण महतो के रूप में हुई
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान फुलवरिया गांव निवासी 60 वर्षीय पोषण महतो के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक सड़क किनारे खराब होने के कारण खड़ा था और उसका चालक टायर की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाईवा ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहा 12 चक्का ट्रक भी अनियंत्रित हो गया। उसने पहले सड़क किनारे खड़े पोषण महतो को अपनी चपेट में लिया और फिर आगे बढ़कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक एवं हाईवा से टकरा गया।
हादसा इतना भीषण था कि पोषण महतो की मौके पर ही मौत हो गई।
एक घंटे तक सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने महुआ-हाजीपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम और दोषी चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और हाईवा को जब्त कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया है।
क्या बोले थानाध्यक्ष?
महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था। पीछे से आए हाईवा और ट्रक की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.


