अररिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बुलेट की पुलिस गश्ती वाहन से टक्कर, SSB जवान समेत दो की मौत

बिहार के अररिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने नगर थाना पुलिस की गश्ती वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के रानीगंज कोल्ड स्टोर के पास हुई।

कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-4, अररिया आरएस निवासी एसएसबी जवान सुधीर कुशवाहा और फारबिसगंज के बड़ा शिवालय रोड निवासी विक्की जायसवाल के रूप में हुई है। दोनों एक ही बुलेट बाइक पर सवार होकर अररिया आरएस से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह नगर थाना की गश्ती वाहन से टकरा गई

गश्ती दल के जवान भी घायल

हादसे में पुलिस गश्ती दल में शामिल एएसआई दीपक कुमार, वाहन चालक और एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सुधीर कुशवाहा और विक्की जायसवाल को मृत घोषित कर दिया।

कौन थे मृतक?

  • सुधीर कुशवाहा: एसएसबी की 52वीं बटालियन, अररिया में पदस्थापित थे।
  • विक्की जायसवाल: व्यवसायी थे। उनकी पत्नी महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय (प्लस टू) में शिक्षिका हैं। परिवार अररिया आरएस में किराये के मकान में रहता था।

शादी समारोह से लौट रहे थे

स्थानीय उप मुख्य पार्षद गौतम साह ने बताया कि सुधीर कुशवाहा देर रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे और अपने मित्र विक्की जायसवाल को बस पकड़ाने बस स्टैंड जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सुधीर ने हाल ही में अपनी बेटी के एक्सीडेंट के कारण छुट्टी ली थी और आज पटना जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही हादसे का शिकार हो गए।

गौतम साह ने कहा—
“आगे अचानक कुत्ता आ गया, जिससे बाइक का बैलेंस बिगड़ा और पुलिस वाहन से टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत हो गई।”

पुलिस का बयान

यातायात डीएसपी फखरे आलम ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर पुलिस गश्ती वाहन से टकरा गई थी। दोनों बाइक सवारों की मौत हो चुकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इलाके में शोक का माहौल

घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।


 

  • Related Posts

    लक्ष्मीपुर में ‘अपहरण’ का द एन्ड: बंगाल के व्यवसायी को स्कॉर्पियो से ले जा रहे थे अपराधी; पुलिस ने दबोचा, बेहोश करने वाली गोलियां मिलीं

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नालंदा की बेटियों के लिए खुशखबरी: बिंद में खुलेगा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’; एथलेटिक्स, फुटबॉल और तीरंदाजी की मिलेगी फ्री ट्रेनिंग, हॉस्टल भी तैयार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading