किसानों को 50% तक सब्सिडी, रोजगार और चारा उद्योग को बढ़ावा
पटना, 28 अगस्त।बिहार सरकार के पशुपालन निदेशालय ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) के तहत उद्यमिता विकास कार्यक्रम (एनएलएम-ईडीपी) की शुरुआत की है। इस योजना का मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन करना और पशुपालन को व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाना है।
किसानों और उद्यमियों को मिलेगा सहयोग
कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों, स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, सहकारिता संगठनों और निजी उद्यमियों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- लाभार्थियों को अधिकतम 50% कैपिटल सब्सिडी मिलेगी।
- पशुपालन से जुड़े नए उद्यमों को शुरू करने में यह बड़ी मदद साबित होगी।
योजना के प्रमुख उद्देश्य
- ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसरों का विस्तार।
- जुगाली करने वाले छोटे पशु, कुक्कुट व सूअर पालन को बढ़ावा।
- नस्ल सुधार के जरिए प्रति पशु उत्पादकता में वृद्धि।
- मांस, अंडा, दूध, ऊन और चारे के उत्पादन को बढ़ावा।
- चारा बीज आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करना।
- किसानों के लिए पशुधन बीमा और जोखिम प्रबंधन उपाय।
- प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के माध्यम से उत्पादन लागत कम करना।
चारा उद्योग को मिलेगा प्रोत्साहन
मांग और आपूर्ति के अंतर को कम करने के लिए सरकार चारा प्रसंस्करण उद्योग की स्थापना को बढ़ावा देगी। साथ ही, मुर्गी, भेड़ और बकरी पालन जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
अधिक जानकारी कहाँ से लें?
इच्छुक व्यक्ति विस्तृत जानकारी के लिए nlm.udyamimitra.in या www.dahd.nic.in वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।


