गोपालगंज में डेढ़ साल की मासूम से दुष्कर्म: कैसे अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम

बिहार के गोपालगंज जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

अंधेरे का फायदा उठाकर उठा ले गया बच्ची

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती है। सोमवार देर शाम बच्ची को उसकी मां ने कमरे में सुलाया था। इसी दौरान बिजली कट गई और मां कुछ देर के लिए कमरे से बाहर निकली। अंधेरे का फायदा उठाते हुए पड़ोस में रहने वाला 25 वर्षीय युवक, जो पेशे से पेंटर है, घर में घुसा और सो रही बच्ची को उठाकर अपने कमरे में ले गया।

मां ने रोने की आवाज सुनकर पकड़ा आरोपी

कुछ देर बाद जब मां कमरे में लौटी तो बच्ची गायब थी। खोजबीन के दौरान उसे रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज का पीछा करते हुए जब वह आरोपी के कमरे के पास पहुंची, तो बच्ची की हालत देखकर सन्न रह गई। आरोपी बच्ची को छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मां ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और शोर मचा दिया।

लोगों ने पकड़ा, हुई पिटाई

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्ची खून से लथपथ थी, जबकि आरोपी के शरीर पर भी खून लगा हुआ था। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।

बच्ची अस्पताल में भर्ती, आरोपी हिरासत में

डायल 112 के एएसआई नंद किशोर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में लिया गया है और बच्ची को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच नगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

“सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में लिया गया है और बच्ची का इलाज चल रहा है। आगे की कार्रवाई नगर थाना द्वारा की जा रही है।”
— नंद किशोर सिंह, एएसआई, डायल 112

आरोपी यूपी का निवासी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गोपालगंज में किराए के मकान में रह रहा था।


 

  • Related Posts