गिरिराज सिंह का महागठबंधन पर प्रहार: “राबड़ी आवास पर कुर्ता फाड़ने वाला दृश्य लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला”

बेगूसराय: बिहार चुनाव 2025 के बीच सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महागठबंधन, विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला है। आरजेडी नेता द्वारा टिकट न मिलने पर राबड़ी आवास के बाहर कुर्ता फाड़ने और प्रदर्शन करने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि यह दृश्य लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला है।


“महागठबंधन में टिकट की दलाली और रोना-धोना चल रहा है”

गिरिराज सिंह ने कहा,

“महागठबंधन में जो हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। आरजेडी, वीआईपी और अन्य दलों के नेताओं पर टिकट के लिए पैसे के लेनदेन और दलाली के आरोप लग रहे हैं। कुछ उम्मीदवार कपड़े फाड़कर रो रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए शर्म की बात है।”

उन्होंने कहा कि जब टिकट पैसे से बंटने लगेंगे, तब लोकतंत्र का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि बिहार की जनता इस बार “ऐसे लोगों को करारा जवाब दे”, ताकि संदेश जाए कि “लोकतंत्र बिकाऊ नहीं है।”


“कर्पूरी ठाकुर को याद कीजिए, लोकतंत्र को बचाइए”

गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर का नाम लेते हुए कहा,

“24 तारीख का दिन कर्पूरी जी को समर्पित होना चाहिए। वे गरीबों के नेता थे। अगर टिकट पैसे से मिलने लगे, तो कर्पूरी ठाकुर जैसे परिवारों के बच्चों का कोई भविष्य नहीं बचेगा।”

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता को सजग रहना होगा और पैसे की राजनीति को नकारना होगा।


लालू यादव पर कटाक्ष

गिरिराज सिंह ने लालू प्रसाद यादव पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा,

“लालू यादव जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। लालू जी, अगर आपने गेट खोल दिया तो जो आक्रोश है, लोग आपका भी कुर्ता फाड़ देंगे। ‘खेत खाए गधा, मार खाए जोलहा’ — यही हाल महागठबंधन का है।”

उन्होंने कहा कि महागठबंधन की अंदरूनी कलह और टिकट की राजनीति ने उसके असली चेहरे को जनता के सामने ला दिया है।


राजनीतिक माहौल गर्माया

राबड़ी आवास पर हुई घटना के बाद से महागठबंधन पर विपक्ष हमलावर है। बीजेपी नेताओं ने इसे “लोकतंत्र की नीलामी” बताया है, वहीं राजद की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


रिपोर्टर: सुमित कुमार
अपडेट: 10 अक्टूबर 2025


 

  • Related Posts