
घरेलू कलह के बीच 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया
बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां घरेलू गैस को लेकर चल रहा विवाद एक गर्भवती महिला की मौत की वजह बन गया। वीरपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आठ माह की गर्भवती थीं। वह वीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा वार्ड-9 की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि उनकी शादी करीब पांच साल पहले दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र निवासी राजा चौधरी से हुई थी। दंपति का एक तीन साल का बेटा भी है।
गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से घर में गैस सिलेंडर खाली होने के कारण खाना बनाने में दिक्कत हो रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। लक्ष्मी ने अपनी बहन को फोन कर मायके से पैसे मंगवाए थे, ताकि गैस भरवाई जा सके, लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर नहीं भरा गया।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बीच दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और मामला गंभीर रूप ले बैठा।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
मंगलवार की शाम की घटना बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पति राजा चौधरी घर आया और कुछ खाने का सामान देकर बाहर चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने लक्ष्मी को जमीन पर गिरी हुई अवस्था में पाया।
आनन-फानन में उसे वीरपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही लक्ष्मी की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप – पीट-पीटकर की हत्या
मृतका के पिता भूखों चौधरी ने वीरपुर थाना में लिखित शिकायत देकर पति पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लगातार हो रहे विवाद के चलते लक्ष्मी के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी जान चली गई।
वहीं, आरोपी की मां हीरा देवी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि लक्ष्मी की मौत घर में गिरने के कारण हुई है, न कि किसी मारपीट से।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
आर्थिक तंगी भी बनी वजह?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। पति मजदूरी कर टेंट-पंडाल लगाने का काम करता है, जबकि उसकी मां सब्जी बेचकर परिवार चलाती हैं। बताया जाता है कि पति अपनी मां से अलग रह रहा था
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद और आर्थिक तंगी के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा किया है। पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा था या फिर एक सोची-समझी वारदात।


