
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में एक 60 वर्षीय बुज़ुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के शिवशंकरपुर गांव की है। मृतक की पहचान चिकसौरा थाना क्षेत्र के पाल बिगहा निवासी सूरत पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पुत्री रिंकी कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पिता पड़ोसी गांव में आयोजित एक बहू भोज से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां देते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर गोली चला दी।
गोली सूरत पासवान के पेट में लगी और आर-पार हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बुज़ुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल को पहले हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल, फिर विम्स पावापुरी, उसके बाद मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ और अंत में बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि, “एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। दर्ज मामले के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


