बची दो गैलरियों में प्रदर्श लगाने का काम पूरा, छात्रों और आम जनता के लिए होगा खुला
पटना, 19 सितंबर। मोइनुल हक स्टेडियम के पास 20.5 एकड़ में बन रही डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी के बची दो गैलरियों का काम पूरा हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इसका उद्घाटन कर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
साइंस सिटी में कुल पाँच गैलरियों का निर्माण किया गया है: बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी, बेसिक साइंस गैलरी, सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी और बॉडी एंड माइंड गैलरी। इन गैलरियों में कुल 7725 वर्गमीटर क्षेत्र में 26 थीम पर आधारित 269 विज्ञान प्रदर्श स्थापित किए जाएंगे।
प्रथम चरण में बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी में हार्मोनिक स्ट्रिंग्स, 3डी जोइट्रोप, रिपल टैंक, स्टैंडिंग वेव्स, क्युरियोसिटी और लेविटेटिंग वाटर जैसे रोचक विज्ञान प्रदर्श लगाए गए हैं। वहीं, बेसिक साइंस गैलरी में डेसिमल सिस्टम, बाइनरी सिस्टम, गोल्डन रेशियो, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा एनालिसिस जैसे आधुनिक विषयों पर आधारित प्रदर्श तैयार किए गए हैं।
सचिव कुमार रवि ने बताया कि दोनों गैलरियों में प्रदर्श अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण हो गया है। साइंस सिटी के एट्रियम एरिया में डॉ. कलाम की मूर्ति, डिजिटल पैनल और म्यूरल लगाए गए हैं, साथ ही बच्चों और आगंतुकों के लिए सेल्फी पॉइंट की भी सुविधा उपलब्ध है।
साइंस सिटी में कैफेटेरिया, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम और 150 छात्रों के लिए डोरमेटरी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। ऑडिटोरियम में बच्चों के लिए 3डी विज्ञान फिल्में दिखाई जाएंगी। भूतल पर 4डी थियेटर, प्री-फंक्शनल हॉल और बहुउद्देशीय हॉल भी तैयार किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का अनूठा केंद्र बनेगी और विद्यार्थियों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगी।


