
तेजस्वी यादव की अधिकार यात्रा को बताया बिहार की हुंकार, अगले चुनाव में राजद की वापसी का किया दावा
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एनडीए सरकार पर सीधा हमला बोला। लालू ने लिखा कि बिहार की जनता आज बेहद दुखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20 वर्षों से जो सरकार बिहार में चल रही है, उसने जनता को सिर्फ ठगा है और बिहार को विकास की राह से भटका दिया है।
लालू प्रसाद ने अपने पोस्ट में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का एक वीडियो भी साझा किया है। इस वीडियो में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को “बिहार की हुंकार” बताया गया है। उन्होंने कहा कि हर तरफ हरे झंडे दिखाई दे रहे हैं, यह न्याय की आवाज है, जो अब सिंहासन को डिगाने का काम करेगी।
इतना ही नहीं, लालू प्रसाद ने एक और वीडियो साझा कर दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता एनडीए सरकार को सत्ता से बेदखल कर राजद को शासन में लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता बदलाव चाहती है और इस बार का चुनाव पूरी तरह से जनभावनाओं का चुनाव होगा।”
राजद की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि तेजस्वी यादव की ‘अधिकार यात्रा’ ने पूरे बिहार में जबरदस्त माहौल बनाया है और यह यात्रा आने वाले चुनाव में सत्ता परिवर्तन की नींव रखेगी।


