भागलपुर, 07 जुलाई 2025 — विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 के तहत मतदाता गणना प्रपत्र अपलोड करने में हो रही धीमी प्रगति को देखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को समीक्षा भवन में अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो बीएलओ या पदाधिकारी गणना प्रपत्र अपलोड करने में लापरवाही बरत रहे हैं, उन पर तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
जीविका दीदियों को टास्क, कोई मतदाता न छूटे
डीएम ने डीपीएम जीविका को निर्देशित किया कि सभी जीविका दीदियों और उनके परिवार के वोटरों का गणना फॉर्म अनिवार्य रूप से भरवाया जाए। उन्होंने कहा कि 2003 की मतदाता सूची में अधिकांश नाम पहले से दर्ज हैं, जिससे फॉर्म भरने में कोई विशेष कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
लक्ष्य: आज शाम तक 3.5 लाख फॉर्म अपलोड
अब तक जिले में 1.84 लाख गणना फॉर्म अपलोड किए गए हैं, जबकि अन्य जिलों की तुलना में यह संख्या कम बताई गई। इस कारण डीएम ने आज शाम तक 3.5 लाख फॉर्म अपलोड करने का लक्ष्य तय किया है।
लापरवाही पर कार्रवाई: दो शिक्षक निलंबित
कहलगांव अनुमंडल पदाधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर एक शिक्षक को भारत निर्वाचन आयोग के आदेश के पालन में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित किया गया है। वहीं, नाथनगर के एक प्रधानाध्यापक को गणना प्रपत्र अपलोडिंग में कोताही बरतने के लिए निलंबन का आदेश दिया गया है।
B.L.O. की हर घंटे होगी निगरानी
उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह ने बीएलओ की कार्यप्रगति की प्रति घंटा निगरानी का निर्देश दिया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कौन कितने समय में, किस गति से और कितनी संख्या में फॉर्म अपलोड कर रहा है।
सभी विभागों को जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने शिक्षक, सेविका/सहायिका, डीलर, आशा कार्यकर्ता और जीविका दीदियों को सक्रिय रूप से अभियान में शामिल करने के निर्देश दिए। इसके लिए आईसीडीएस, स्वास्थ्य, शिक्षा व जीविका के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे निगरानी और अनुश्रवण सख्ती से करें।
नवगछिया और गोपालपुर की सराहना
नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपालपुर द्वारा तेजी से गणना प्रपत्र अपलोड करने की कार्ययोजना को बैठक में सराहा गया।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी
इस बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जीतन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


