
राजकोट। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। राजकोट में खेले जा रहे दूसरे वनडे के दौरान मिचेल ने विराट कोहली और केएल राहुल को पीछे छोड़ते हुए सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया।
सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले विराट कोहली रन लिस्ट में शीर्ष पर थे, जबकि पहले मैच में शतक लगाने के बाद केएल राहुल नंबर एक बन गए थे। लेकिन राजकोट वनडे में शतक जड़ते ही डेरिल मिचेल दोनों भारतीय बल्लेबाजों से आगे निकल गए।
डेरिल मिचेल का दमदार शतक
डेरिल मिचेल ने राजकोट वनडे में 96 गेंदों पर शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। पहले वनडे में मिचेल ने 84 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने अर्धशतक पूरा करते ही केएल राहुल के 141 रनों को पीछे छोड़ दिया।
विराट कोहली ने सीरीज में अब तक दो मैचों में 116 रन बनाए हैं, वहीं केएल राहुल के नाम 141 रन हैं। मिचेल इन दोनों से आगे निकलते हुए टॉप स्कोरर बन चुके हैं।
टीम इंडिया के लिए बन रहे परेशानी
डेरिल मिचेल का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड लगातार मजबूत रहा है। पहले वनडे में उनकी 84 रन की पारी ने भारतीय गेंदबाजों को मुश्किल में डाला था। दूसरे मैच में भी जब न्यूजीलैंड के सामने 285 रन का लक्ष्य था, तब मिचेल ने विल यंग के साथ अहम साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उनकी शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड जीत की स्थिति में पहुंचती नजर आई।
ICC वनडे रैंकिंग में भी आगे
आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भी डेरिल मिचेल लगातार ऊपर चढ़ रहे हैं। हाल ही में जारी रैंकिंग में विराट कोहली नंबर एक पर पहुंचे हैं, जबकि रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। मिचेल रोहित से आगे निकल चुके हैं और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भविष्य में नंबर एक बनने की दौड़ में भी शामिल माने जा रहे हैं।


