15 साल के वैभव सूर्यवंशी का हरारे में धमाका! 49 गेंदों में ठोके 81 रन, रचा विश्व रिकॉर्ड; 16 साल से पहले सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने

हरारे: भारतीय टीम के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में वैभव ने महज 31 गेंदों में शानदार अर्धशतक पूरा किया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने इसी श्रृंखला के पहले मैच में 19 गेंदों पर 50 रन बनाकर सबको चौंका दिया था।

शतक से चूके, लेकिन खेली करियर की सबसे बड़ी पारी

वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 81 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे। वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन वेस्ली मधेवेयरे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में लॉन्ग ऑफ पर ब्रैड इवांस को कैच दे बैठे।

हालांकि शतक से चूकने के बावजूद यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की अब तक की सबसे बड़ी पारी बन गई।

16 साल से पहले रच दिया इतिहास

इस अर्धशतक के साथ वैभव सूर्यवंशी ने पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। वह 16 वर्ष की उम्र पूरी करने से पहले सबसे अधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

इस उपलब्धि के साथ उन्होंने नेपाल के युवा बल्लेबाज कुशल मल्ला का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। मल्ला ने 16 साल से पहले केवल एक बार 50+ का स्कोर बनाया था, जबकि वैभव अब यह उपलब्धि दो बार हासिल कर चुके हैं।

भारतीय क्रिकेट का नया सितारा

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी लगातार बड़े मंच पर निडर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी आक्रामक शैली, तेज रन बनाने की क्षमता और बड़े शॉट खेलने का आत्मविश्वास उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बना रहा है। लगातार दो शानदार पारियों के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें उनकी अगली पारी पर टिकी होंगी।

  • ये भी पढ़े..

    भारत ने जिम्बाब्वे का किया 3-0 से सूपड़ा साफ, वैभव सूर्यवंशी की तूफानी 81 रन की पारी; 35 रन से जीता तीसरा टी20

    Share Add as a preferred…

    बिहार के लाल झंडू कुमार ने ग्लासगो में रचा इतिहास, ई-रिक्शा बेचकर जुटाए थे डाइट के पैसे; अब देश को दिलाया कांस्य पदक

    Share Add as a preferred…