दूसरा वनडे: डेरिल मिचेल के शतक से न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर

राजकोट। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में कीवी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम द्वारा दिए गए 285 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने महज 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है।

न्यूजीलैंड की जीत के सबसे बड़े नायक डेरिल मिचेल रहे, जिन्होंने 112 गेंदों पर 131 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा विल यंग ने 87 रन, जबकि ग्लेन फिलिप्स 32 रन बनाकर नाबाद लौटे।

मिचेल-यंग की साझेदारी के आगे बेबस दिखे भारतीय गेंदबाज

285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेवोन कॉनवे को 16 रन पर हर्षित राणा ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद हेनरी निकोल्स को प्रसिद्ध कृष्णा ने पवेलियन भेज दिया।

हालांकि, इसके बाद डेरिल मिचेल और विल यंग ने भारतीय गेंदबाजों की एक नहीं चलने दी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 152 गेंदों में 162 रन की शानदार साझेदारी की।
विल यंग ने 98 गेंदों पर 87 रन बनाए, जबकि मिचेल ने एक छोर संभालते हुए अपने वनडे करियर का आठवां शतक पूरा किया।

इसके बाद मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ चौथे विकेट के लिए 78 रन की अटूट साझेदारी निभाई और चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। मिचेल की पारी में 11 चौके और 2 छक्के, जबकि फिलिप्स ने 2 चौके और 1 छक्का लगाया।

केएल राहुल का शानदार शतक

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। गिल 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोहित 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। विराट कोहली 23 रन बनाकर क्रिस्टियन क्लार्क का शिकार बने, वहीं श्रेयस अय्यर सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। 118 रन पर चार विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया दबाव में आ गई।

यहां से पारी को संभालने का जिम्मा केएल राहुल ने उठाया। राहुल ने पहले रविंद्र जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 73 रन जोड़े और फिर नीतीश कुमार रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की।

राहुल ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 92 गेंदों पर नाबाद 112 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। राहुल की इस शानदार पारी की बदौलत भारत 284 रन तक पहुंच सका, लेकिन यह स्कोर न्यूजीलैंड के सामने नाकाफी साबित हुआ।


 

  • Related Posts