
पटना/पूर्णिया: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड में तैनात प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राजकुमार चौधरी को 46 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी 16 लाख रुपये के बिल भुगतान के एवज में कमीशन की मांग कर रहा था।
16 लाख के भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार पूर्णिया के अनगढ़ निवासी राज किरण, जो सरकारी योजनाओं के लिए सामान आपूर्ति करने वाले वेंडर हैं, ने स्पेशल विजिलेंस यूनिट से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 16 लाख रुपये के सामान की आपूर्ति करने के बावजूद उनका भुगतान रोका गया था।
शिकायत में कहा गया कि भुगतान जारी करने के बदले बीडीओ राजकुमार चौधरी ने 46 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
जांच में सही मिला आरोप
शिकायत मिलने के बाद स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया BDO
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता जैसे ही आरोपी बीडीओ को 46 हजार रुपये देने पहुंचा, उसी समय पहले से मौजूद स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने छापेमारी कर दी।
टीम ने रिश्वत की पूरी राशि के साथ बीडीओ राजकुमार चौधरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
स्पेशल कोर्ट में होगी पेशी
गिरफ्तारी के बाद स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई। अब उसे निगरानी विभाग की विशेष अदालत (स्पेशल विजिलेंस कोर्ट) में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी है कार्रवाई
बिहार में भ्रष्टाचार के मामलों पर स्पेशल विजिलेंस यूनिट लगातार कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिश्वतखोरी और सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


