नई नवेली दुल्हनों की आड़ में बिहार पहुंच रही थी शराब की खेप, मुजफ्फरपुर में 5 लाख की विदेशी शराब के साथ 4 गिरफ्तार

बिहार में शराबबंदी कानून को चुनौती देने के लिए तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग ने एक ऐसे अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने पुलिस की नजरों से बचने के लिए नई नवेली दुल्हनों का सहारा लिया था। हालांकि उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और पूरा गैंग सलाखों के पीछे पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले दो दंपती—सोनू और अजीत तथा राखी और दीपक—लग्जरी कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर बिहार पहुंचे थे। तस्करों को उम्मीद थी कि नवविवाहित जोड़ों को देखकर जांच एजेंसियों को उन पर संदेह नहीं होगा, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

उत्पाद विभाग को इस गिरोह की गतिविधियों की पहले से सूचना मिल रही थी। इसके बाद उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जैसे ही संदिग्ध कार छपरा बॉर्डर पार कर मुजफ्फरपुर के रेवा पुल इलाके में पहुंची, टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान कार से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद हुई। मौके पर मौजूद दोनों महिलाओं समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पहले भी इसी तरीके से शराब की तस्करी कर चुके हैं। अब पुलिस और उत्पाद विभाग उन स्थानीय कारोबारियों की पहचान करने में जुटा है, जो इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।

अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से बिहार में सक्रिय अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि तस्करों को स्थानीय स्तर पर कौन संरक्षण दे रहा था।

इस नए तस्करी मॉडल के सामने आने के बाद उत्पाद विभाग ने मुजफ्फरपुर समेत सीमावर्ती इलाकों में जांच और निगरानी और अधिक सख्त कर दी है। संदिग्ध वाहनों की विशेष जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में अब आम लोग भी ठहर सकेंगे सरकारी इंस्पेक्शन बंगलों में, 217 भवन PPP मॉडल पर होंगे विकसित

    Share Add as a preferred…

    बक्सर में दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से 3 दोस्तों की मौत, मोबाइल में कैद हो गया आखिरी VIDEO

    Share Add as a preferred…