पटना, 8 जुलाई — बिहार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के बाद अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया है। खड़गे ने डबल इंजन सरकार को “अवसरवादी” बताते हुए बिहार में कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त करार दिया।
पिछले 6 महीने में बिहार में
🔹8 व्यवसायियों की हत्या हुई
🔹5 बार पुलिस की पिटाई हुई
🔹कल ही अंधविश्वास में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या हो गईमासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा गया!
JD(U)-BJP के गुंडा गठबंधन ने बिहार को देश की “क्राइम कैपिटल” बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है!
बदलाव तय है। INDIA लाएगा। pic.twitter.com/QiU5NLGUeH
— Mallikarjun Kharge (@kharge) July 8, 2025
“पिछले छह महीने में आठ व्यवसायियों की हत्या” — खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,
“पिछले छह महीने में बिहार में आठ व्यवसायियों की हत्या हो चुकी है। पुलिस पर पांच बार हमले हुए हैं। और अब अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई। मासूम बच्चों तक को नहीं बख्शा गया।”
उन्होंने आगे कहा कि “जेडीयू और बीजेपी का गुंडा गठबंधन बिहार को देश की अपराध राजधानी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।”
“मोदी सरकार के आंकड़े ही बिहार की सच्चाई बता रहे हैं”
खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के अपने ही आंकड़े बताते हैं कि बिहार में गरीबी चरम पर है, सामाजिक-आर्थिक न्याय की स्थिति बदतर होती जा रही है और कानून-व्यवस्था ठप है। निवेश केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
उन्होंने लिखा,
“इस बार बिहार ने ठान लिया है — अब बीमारू नहीं रहेगा! बदलाव तय है। इंडिया (I.N.D.I.A.) यह बदलाव लेकर आएगा।”
राहुल गांधी भी कर चुके हैं हमला
खड़गे से पहले, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा-जदयू सरकार पर तीखा प्रहार कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि दोनों दलों ने मिलकर बिहार को ‘क्राइम कैपिटल’ बना दिया है।


